‘मैं और सक्षम 3 साल से रिश्ते में थे। सक्षम दूसरी जाति का था, इसलिए मेरे पापा को हमारा रिश्ता पसंद नहीं था। वे मुझसे कहते थे, कोई भी दूसरा लड़का बताओ, उससे तुम्हारी शादी करवा दूंगा, लेकिन इससे नहीं होने दूंगा। पापा और मेरे भाइयों ने सक्षम को कई बार धमकी दी थी। आखिरकार उसे मार डाला।’
19 साल की आंचल मामीडकर ये बात बताते हुए रोने लगती हैं। महाराष्ट्र के नांदेड़ में रहने वाली आंचल अनुसूचित जाति से आने वाले सक्षम से प्यार करती थी।
आरोप है कि 27 नवंबर को आंचल के पिता और भाइयों ने सक्षम की गोली मारी और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आंचल ने सक्षम की डेडबॉडी से शादी की और अभी उसी के घर रह रही है। शादी का एक वीडियो भी वायरल हुआ है।
आंचल पद्मशाली (बुनकर) कम्युनिटी से आती हैं। ये कम्युनिटी स्पेशल बैकवर्ड क्लास में आती है। सक्षम का परिवार बौद्ध धर्म को मानता है। आंचल जिस कमरे में मिलीं, वहां दीवार पर डॉ. अंबेडकर की फोटो लगी है। आंचल ने दावा किया कि सक्षम धर्म बदलने के लिए तैयार था, ताकि दोनों की शादी हो सके।

‘परिवार ने बताया- सक्षम से झगड़ा हुआ है, फिर दूसरी जगह ले गए’
आंचल बताती हैं, ’27 नवंबर की शाम मैं घर पर थी। फैमिली ने मुझे बताया कि मेरे भाइयों का सक्षम से झगड़ा हो गया है। सक्षम को टांके आए हैं। इसके बाद मुझे घर से दूर ले गए। रात में पुलिस आई और पापा को पकड़ लिया।’
‘मुझे शाम से ही लग रहा था कि कुछ गलत हुआ है। मैंने देखा कि पुलिस ने पापा को हथकड़ी लगा दी है। तब मुझे यकीन हो गया कि सक्षम के साथ कुछ गलत हुआ है। मैंने सुबह अखबार पढ़ा तो पता चला कि सक्षम अब नहीं रहा।’
आंचल ने अपना घर छोड़ा, अब सक्षम का घर ठिकाना
आंचल के पिता गजानन ने लव मैरिज की थी। उसकी वाइफ जयश्री राजपूत हैं। वह पहले से शादीशुदा थी। साहिल उसके पहले पति का बेटा है। आंचल और नाबालिग बेटा गजानन के हैं।
पिता की गिरफ्तारी के बाद आंचल ने अपना घर छोड़ दिया। वो सीधे सक्षम के घर पहुंची। तब सक्षम के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। आंचल ने सक्षम के परिवार से कहा कि मैं अब अपने घर पर नहीं रहूंगी। मैंने सक्षम से प्यार किया है और अब उसकी लाश से शादी करूंगी।
आंचल बताती हैं, ‘पापा और मेरे दोनों भाई धमकी दे रहे थे कि हम सक्षम को मार देंगे। सक्षम पापा की बहुत रिस्पेक्ट करता था। भाई उसके अच्छे दोस्त थे। सभी ने मिलकर उसे फुसलाया, फिर नशा करवाकर मार दिया। उसे तीन गोलियां मारीं। फिर सिर कुचल दिया।’
सक्षम की मां बोलीं- एक महीने पहले भी बेटे को धमकाया था
सक्षम और आंचल के परिवार एक-दूसरे को जानते थे। एक पुराना वीडियो भी है जिसमें सक्षम आंचल के पिता गजानन के साथ डांस करता दिख रहा है। सक्षम आंचल के घर आता-जाता था, वहीं आंचल सक्षम के घर जाती थी। इसी दौरान दोनों में प्यार हुआ। आंचल के पिता गजानन को इसकी खबर लगी तो वो भड़क गया। आंचल के मुताबिक, उन्होंने कई बार धमकी भी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, सक्षम 27 नवंबर की शाम पुरानी गंजी इलाके में दोस्तों के साथ खड़ा था। तभी उसका आंचल के नाबालिग भाई से झगड़ा हो गया। भाई ने सक्षम पर गोली चलाई, जो उसकी पसलियों में लगी। इसके बाद उसने एक टाइल सक्षम के सिर पर दे मारी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।


