राजस्थान बोर्ड 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित होते ही पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। खासकर जोधपुर में उस समय जश्न की लहर दौड़ गई, जब मेधावी छात्रा मानसी जांगिड़ ने आर्ट्स संकाय में शानदार 99.20 प्रतिशत अंक हासिल कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मानसी की इस बड़ी उपलब्धि पर उनके परिवार, स्कूल और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मानसी जांगिड़ ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत और नियमित पढ़ाई को दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास और अनुशासन ही सफलता की कुंजी है। उनकी इस उपलब्धि ने अन्य छात्रों के लिए भी एक प्रेरणा का काम किया है।
वहीं, विज्ञान संकाय में भी इस बार सरकारी स्कूलों की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर सबको चौंका दिया। नख्खा खेड़ा के सरकारी स्कूल की छात्रा आरुषि खदाव ने 97 प्रतिशत अंक हासिल किए, खुशबू खदाव ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर क्षेत्र में नाम रोशन किया। लड़कों में रविन्द्र ने 96.60 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

जिलों के प्रदर्शन की बात करें तो राजसमंद ने 98.70% पास प्रतिशत के साथ पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद डीडवाना-कुचामन (98.58%), सिरोही (98.52%), पाली (98.47%) और फलोदी (98.43%) शीर्ष जिलों में शामिल रहे।
वहीं, सबसे कम पास प्रतिशत धौलपुर जिले का रहा, जहां 95.36% छात्र ही पास हो सके। इसके अलावा बालोतरा, प्रतापगढ़, कोटा और सलूंबर भी निचले स्थानों पर रहे।
संकायवार प्रदर्शन में विज्ञान संकाय में डीडवाना-कुचामन ने 99.43% के साथ टॉप किया, जबकि खैरथल-तिजारा इस सूची में सबसे पीछे रहा।


