भारतीय महिला कुश्ती की दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट ने एक बार फिर मैट पर लौटने का बड़ा फैसला लिया है। पेरिस ओलिंपिक 2024 में बेहद विवादित परिस्थितियों में डिसक्वालिफाई होने के बाद विनेश ने रेसलिंग से संन्यास की घोषणा कर दी थी। लेकिन अब उन्होंने यह निर्णय वापस लेते हुए 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में हिस्सा लेने की इच्छा जताई है। इस बात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दी।
विनेश फोगाट 2024 पेरिस ओलिंपिक में इतिहास रचने के बेहद करीब थीं। वह ओलिंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर बनीं। उनके स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीदें भी मजबूत थीं। लेकिन फाइनल से कुछ घंटे पहले उनका वजन 100 ग्राम अधिक पाया गया और उन्हें नियमों के अनुसार डिसक्वालिफाई कर दिया गया। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया। महज 17 घंटे बाद उन्होंने सुबह 5:17 बजे एक भावुक संदेश के साथ कुश्ती को अलविदा कह दिया—“मां कुश्ती मेरे से जीत गई, मैं हार गई… अब ताकत नहीं।”

अब कुछ महीनों बाद विनेश ने खुद को संभालते हुए संन्यास वापस लेने का निर्णय लिया है। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा—“लोग पूछते रहे कि क्या पेरिस अंत था। बहुत समय तक मेरे पास इस सवाल का जवाब नहीं था। मैंने पहली बार खुद को सांस लेने दिया… अपने सफर को समझा… और मुझे अहसास हुआ कि मुझे यह खेल अब भी उतना ही प्यारा है। मैं अब भी लड़ना चाहती हूं।”

उन्होंने यह भी कहा कि इस बार उनका सफर अकेला नहीं होगा। उनका छोटा बेटा उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है और LA28 के रास्ते में उनका “छोटा चीयरलीडर” बनकर साथ चल रहा है।
विनेश फोगाट, जो वर्तमान में हरियाणा के जुलाना से कांग्रेस विधायक भी हैं, एक बार फिर भारत को ओलिंपिक में मेडल दिलाने के सपने के साथ मैट पर कदम रखने जा रही हैं। देशभर के खेल प्रेमी उनके इस निर्णय का स्वागत कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि LA28 में वह नया इतिहास रचेंगी।


