वृंदावन: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार को वृंदावन पहुंचे। दोनों ने केली कुंज आश्रम में प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। खास बात यह रही कि इस साल विराट और अनुष्का की संत प्रेमानंद जी से यह तीसरी मुलाकात है, जिसने इस दौरे को और भी विशेष बना दिया।
आश्रम में दर्शन के दौरान विराट और अनुष्का घुटनों के बल बैठकर महाराज जी के समक्ष सिर झुकाए नजर आए। दोनों हाथ जोड़कर ध्यानपूर्वक संत प्रेमानंद की बातें सुनते रहे। विराट कोहली महाराज जी की बातों पर सिर हिलाकर सहमति जताते और मुस्कुराते दिखाई दिए, वहीं अनुष्का भी पूरी श्रद्धा और विनम्रता के साथ मौजूद रहीं।
इस दौरान विराट और अनुष्का के गले में पहली बार तुलसी की कंठी माला दिखाई दी, जिससे यह संकेत मिला कि दोनों ने वैष्णव परंपरा के अनुसार दीक्षा ग्रहण की है। वैष्णव परंपरा में गुरु से दीक्षा के बाद ही कंठी माला धारण कराई जाती है। हालांकि, केली कुंज आश्रम की ओर से इस संबंध में अभी औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है।
दर्शन के समय अनुष्का शर्मा ने संत प्रेमानंद से भावुक होकर कहा, “महाराज जी, हम आपके हैं और आप हमारे।” इस पर संत प्रेमानंद ने मुस्कुराते हुए उत्तर दिया, “हम सब श्रीजी के हैं। खूब आनंदपूर्वक रहो, मस्त रहो और भगवान के आश्रित रहो।”
संत प्रेमानंद महाराज ने विराट और अनुष्का को आध्यात्मिक जीवन का संदेश देते हुए कहा कि अपने कार्य को भगवान की सेवा समझकर करें, गंभीर और विनम्र भाव से जीवन जिएं तथा जीवन को उन्नतिशील बनाएं। उन्होंने कहा कि जब तक भगवान के साक्षात्कार न हो जाएं, तब तक हमारी आध्यात्मिक यात्रा रुकनी नहीं चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि सांसारिक माया में भटकते हुए अनगिनत जन्म बीत जाते हैं, लेकिन एक बार अपने असली स्वामी, ठाकुरजी के दर्शन करने की तीव्र लालसा होनी चाहिए। संत प्रेमानंद के इन उपदेशों को विराट और अनुष्का ने पूरे मन से सुना और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।


