बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कल्कि 2’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। रविवार को उन्होंने फिल्म के सेट से कुछ खास बिहाइंड द सीन (BTS) तस्वीरें साझा कर फैंस को बड़ा सरप्राइज दिया। अभिनेता ने बताया कि वे हैदराबाद में फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं और इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
तस्वीरों में अमिताभ बच्चन अपने किरदार ‘अश्वत्थामा’ के लुक में नजर आए। उनके चेहरे पर भारी प्रोस्थेटिक मेकअप और दमदार कॉस्ट्यूम ने फैंस का ध्यान खींचा। यह लुक उनके किरदार की गंभीरता और भव्यता को दर्शाता है।
सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने दिग्गज अभिनेता कमल हासन के साथ भी एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों एक-दूसरे को गले लगाते और बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। करीब 40 साल बाद दोनों कलाकार एक साथ काम करने जा रहे हैं। इससे पहले वे 1985 की फिल्म ‘गिरफ्तार’ में साथ नजर आए थे। हालांकि ‘Kalki 2898 AD’ में दोनों ने अभिनय किया था, लेकिन एक भी सीन में साथ नहीं दिखे थे।

अमिताभ ने अपने ब्लॉग में लिखा कि इतने लंबे समय बाद कमल हासन के साथ काम करना उनके लिए बेहद खास और भावुक पल है। उन्होंने इसे ‘पुरानी यादों का दोबारा जीवंत होना’ बताया।
वहीं शूटिंग शेड्यूल के कारण बिग बी इस रविवार अपने फैंस से मुलाकात नहीं कर पाए। उन्होंने माफी मांगते हुए लिखा कि काम पहले है, लेकिन फैंस का प्यार हमेशा उनके लिए अनमोल रहेगा।
गौरतलब है कि ‘कल्कि 2898 AD’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। फिल्म के लिए अमिताभ बच्चन को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड भी मिला। अब इसके सीक्वल ‘कल्कि 2’ से दर्शकों को और भी बड़ी उम्मीदें हैं।


