दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेता और ‘पुष्पा’ फेम स्टार अल्लू अर्जुन के भाई अल्लू शिरीष शादी के बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को नयनिका रेड्डी के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया। शादी के बाद शनिवार को नयनिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की कई खूबसूरत और अनदेखी तस्वीरें साझा कीं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

शेयर की गई तस्वीरों में दक्षिण भारतीय परंपरा और संस्कृति की झलक साफ दिखाई दे रही है। नयनिका रेड्डी ने शादी में पारंपरिक कांजीवरम साड़ी पहनी हुई है, जिसमें वह बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने रूबी और डायमंड ज्वेलरी पहनी है, जिसने उनके लुक को और भी आकर्षक बना दिया। वहीं दूल्हे अल्लू शिरीष ने सिल्क का कुर्ता और धोती पहना, जो दक्षिण भारत का पारंपरिक पहनावा माना जाता है। इस पारंपरिक अंदाज में दूल्हा-दुल्हन बेहद शानदार लग रहे थे।
नयनिका ने सोशल मीडिया पर शादी की रस्मों से जुड़ी कई तस्वीरें साझा की हैं। कुछ तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे को प्यार से देखते नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ तस्वीरों में परिवार के साथ खुशियों के पल साझा करते दिखाई दे रहे हैं। शादी में शामिल परिवार की महिलाओं ने भी पारंपरिक कांजीवरम साड़ी पहनी थी और हल्के रंगों के कपड़ों को चुना था। शादी की सजावट भी बेहद खास थी, जिसमें फूलों से खूबसूरत डेकोरेशन की गई थी।

अल्लू शिरीष और नयनिका की शादी एक लव मैरिज है। बताया जाता है कि दोनों की पहली मुलाकात सियोल में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई थी। इसके बाद एक ट्रिप के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोस्ती प्यार में बदल गई। लंबे समय तक एक-दूसरे को जानने के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया।

अब शादी की इन खूबसूरत तस्वीरों को देखकर फैंस और सेलेब्रिटीज भी उन्हें बधाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और दूल्हा-दुल्हन की जोड़ी को खूब पसंद किया जा रहा है।


