मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और इजराइल–ईरान संघर्ष का असर अब भारत की हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखने लगा है। जंग के चौथे दिन मंगलवार को सुरक्षा कारणों से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, केंपेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर 250 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से 80 से अधिक, मुंबई से 107, बेंगलुरु से 42 और चेन्नई से 30 उड़ानें प्रभावित हुईं। अचानक रद्दीकरण से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और एयरपोर्ट पर लंबी कतारें देखी गईं।

हालांकि राहत की खबर भी सामने आई है। एयर इंडिया की विशेष फ्लाइट AI916D दुबई से 149 यात्रियों और 8 केबिन क्रू के साथ सुरक्षित दिल्ली पहुंची। इस फ्लाइट में भारत की स्टार शटलर पी वी सिंधु भी सवार थीं, जो विदेश में फंसी हुई थीं।
इसके अलावा इंडिगो ने जेद्दाह से हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और अहमदाबाद के लिए 10 विशेष उड़ानें शुरू की हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मस्कट के लिए सेवाएं बहाल कर दी हैं। वहीं एमीरात, एतिहाद एयरवेज और फ्लाईदुबई ने चुनिंदा रूट्स पर उड़ानें फिर से शुरू की हैं।



