राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को जयपुर के विद्याधरनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नींदड़ में आयोजित होने वाली जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य की श्रीराम कथा एवं 1008 कुंडीय श्री हनुमान महायज्ञ से पूर्व निकाली गई भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर आध्यात्मिक यात्रा को रवाना किया।
कलश यात्रा की शुरुआत कुकरखेड़ा मंडी से हुई, जो निंदड़ स्थित यज्ञ स्थल तक पहुंची। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सहभागिता निभाई। पूरे मार्ग को भव्य स्वागत द्वारों और धार्मिक झांकियों से सजाया गया था। जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष से वातावरण पूरी तरह धर्ममय और भक्तिमय हो गया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कलश यात्रा में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण इस आयोजन ने समाज को सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन न केवल धार्मिक चेतना को सशक्त करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
दिया कुमारी ने आयोजन की भव्यता और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत यह आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने श्रीराम कथा और श्री हनुमान महायज्ञ के सफल आयोजन की कामना करते हुए समस्त आयोजक मंडल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने भजन-कीर्तन करते हुए पूरे क्षेत्र को धार्मिक रंग में रंग दिया। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों में भी भारी उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।


