टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री कृतिका कामरा और लोकप्रिय टीवी होस्टगौरव कपू अब आधिकारिक तौर पर शादी के बंधन में बंध गए हैं। दोनों ने 11 मार्च की शाम मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर पर एक निजी समारोह में रजिस्टर्ड मैरिज की। इस शादी को बेहद सादगी और करीबी लोगों की मौजूदगी में संपन्न किया गया।
कृतिका और गौरव ने पारंपरिक बड़े समारोह की बजाय अपने घर पर ही शादी करने का फैसला लिया। इस खास मौके पर केवल परिवार के सदस्य और कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए। दोनों का मानना था कि जिंदगी के सबसे अहम पल अपनों के बीच ही सबसे खास बनते हैं, इसलिए उन्होंने इस समारोह को निजी और सादगी भरा रखा।

शादी के दौरान कृतिका कामरा लाल रंग की चंदेरी साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं। खास बात यह रही कि यह साड़ी उन्हें उनकी मां ने गिफ्ट की थी। इस साड़ी को कृतिका के अपने ब्रांड ‘सिन्नाबार’ ने डिजाइन किया है, जिसका उद्देश्य पारंपरिक चंदेरी कला को संरक्षित करना और महिला कारीगरों को प्रोत्साहित करना है। वहीं गौरव कपूर ने मशहूर डिजाइनर राघवेंद्र राठौड़ का आइवरी और गोल्ड रंग का पारंपरिक आउटफिट पहना, जो शाम के माहौल के साथ पूरी तरह मेल खा रहा था।

शादी के बाद कपल ने अपने घर की छत पर एक छोटी आफ्टर-पार्टी का आयोजन भी किया। इस पार्टी में क्रिकेट और बॉलीवुड जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। क्रिकेट जगत से वीरेंद्र सहवाग, जहीर खान और युवराज सिंह मौजूद रहे। वहीं फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से नेहा धूपिया, अंगद बेदी, सोहा अली खान, मलाइका अरोड़ा और पूजा गौर जैसे सितारे भी शामिल हुए।

अपनी शादी को लेकर कृतिका और गौरव ने कहा कि वे हमेशा से मानते रहे हैं कि जिंदगी के सबसे खास पल वही होते हैं, जिन्हें अपने प्रिय लोगों के साथ साझा किया जाए। दोनों ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि उन्होंने अपने जीवन के इस नए अध्याय की शुरुआत अपने घर पर, परिवार और करीबी दोस्तों के बीच की।

कृतिका और गौरव की इस सादगी भरी लेकिन खूबसूरत शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन पर फैंस और सेलेब्रिटीज लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं।


