मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में सलमान खान की फिल्म ‘जय हो’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री डैजी शाह के घर के पास स्थित एक इमारत में आग लगने की घटना सामने आई है। इस घटना को लेकर डैजी शाह ने सोशल मीडिया पर कड़ा गुस्सा जाहिर किया है और चुनावी प्रचार के दौरान पटाखे फोड़ने को आग लगने की वजह बताया है। अभिनेत्री ने एक राजनीतिक पार्टी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।
डैजी शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें आग लगी हुई इमारत साफ दिखाई दे रही है। वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं कि चुनाव के चलते प्रचार करने आए लोगों ने इमारत के बाहर पटाखे फोड़े, जिसके कारण आग भड़क गई। उन्होंने कहा, “ये लोग रास्ते में पटाखे फोड़कर चले गए और देखिए अब क्या हो रहा है। मैं इसी बिल्डिंग के बिल्कुल बगल में रहती हूं। ये बहुत डरावना है।”

वीडियो में डैजी अपने घर की ओर इशारा करते हुए बताती हैं कि आग उनके घर के बेहद करीब लगी है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे। उन्होंने आग लगी इमारत के नीचे खड़े लोगों को दिखाते हुए सवाल उठाया कि लोगों में आखिर सिविक सेंस क्यों नहीं है। अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि करीब 200 लोगों का एक झुंड प्रचार के लिए आया था, जिसने इमारत के बाहर रॉकेट जलाए और आग लगने के बाद वहां से गायब हो गया।
डैजी शाह ने इस पूरे मामले के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, “शुक्रिया बीजेपी, अनपढ़ लोगों की गैंग बना रखी है।” हालांकि बाद में उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में स्पष्ट किया कि उनका किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने लिखा कि जब चुनाव प्रचार के लिए टीमें नियुक्त की जाती हैं, तो कम से कम यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उनमें सामान्य समझ हो।
अभिनेत्री ने आगे कहा कि इमारतों के पास पटाखे फोड़ना किसी भी हाल में सही नहीं है। यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि लोगों की लापरवाही और नागरिक समझ की कमी का नतीजा है। डैजी ने यह भी बताया कि उनकी बिल्डिंग कमेटी ने प्रचार करने वालों को घर-घर जाकर प्रचार की अनुमति नहीं दी थी, जिसके चलते यह घटना और भी चिंताजनक हो जाती है।
डैजी शाह ने अंत में जिम्मेदारी तय करने की मांग करते हुए कहा कि अब बहुत हो चुका है और ऐसे मामलों में जवाबदेही जरूरी है। यह घटना चुनावी माहौल में सुरक्षा और नागरिक जिम्मेदारी पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है



