कोटा महोत्सव के दूसरे दिन चंबल रिवर फ्रंट के पश्चिमी घाट पर चंबल महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल, जिला कलेक्टर पीयूष समारिया सहित अन्य गणमान्य जनों ने चम्बल माता की आरती की।
आचार्य पंडित संजय चतुर्वेदी एवं 21 अन्य पंडितों के समूह द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ चम्बल माता की आरती की गई। जगमग दीपों की पंक्तियों से चंबल नदी के घाट जीवंत हो उठे। आरती के बाद दीपदान किया गया, जिसने पश्चिमी घाट को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
रिवर फ्रंट पर सांस्कृतिक संध्या में गणेश वंदना फिर पुलिस एवं आरएसी बैंड द्वारा प्रस्तुति दी गई।
चंबल महा आरती में होटल फेडरेशन कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक मांहेश्वरी, ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अविनाश राठी, एडीएम सीलिंग कृष्णा शुक्ला, एडीएम सिटी अनिल सिंघल सहित अन्य ने भी आरती की।
महाआरती का आयोजन कोटा ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन द्वारा किया गया। हजारों श्रद्धालु पश्चिमी घाट पर आरती और दीपदान के इस दिव्य आयोजन के साक्षी बने।
सैकड़ों दीपों की जगमगाहट ने चंबल नदी के किनारों को दिव्यता से भर दिया। आमजन ने दीप प्रवाहित कर श्रद्धा प्रकट की।


