राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने बुधवार को एसएमएस स्टेडियम में “द्वितीय ताइक्वांडो फेडरेशन कप 2026” के डेमो मैच का शुभारम्भ किया।
राज्यपाल ने इस दौरान कहा कि दक्षिण कोरिया से निकला ताइक्वांडो आज एक वैश्विक मार्शल आर्ट और ओलंपिक खेल बन गया है। उन्होंने कहा कि यह आत्मविश्वास बढ़ाने से जुड़ा खेल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय खिलाड़ी वैश्विक प्रतियोगिताओं में उम्दा प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करेंगे।
राज्यपाल हरिभाऊ ने ताइक्वांडो को चपलता से जुड़ा खेल बताते हुए कहा कि इसमें जो पहल कर वार करता है, वही सफल होता है। उन्होंने देश के विभिन्न प्रांतों के खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी हौसला अफजाही की। उन्होंने आह्वान किया कि इस खेल के लिए चयनित खिलाडी अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम गौरवान्वित करें।
राज्यपाल ने कहा कि खेलों में हार—जीत नहीं होती। खेल को खेल भावना से खेला जाता है तभी वह जीवन में उजास लाता है।


