त्योहारों पर बाजारों में भीड़ को ध्यान में रखते हुए जयपुर पुलिस और व्यापार मंडलों ने परकोटे में आवाजाही के लिए 100 फ्री ई रिक्शों की व्यवस्था की है।
दीपावली पर्व पर परकोटे में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुचारु बनाए रखने के लिए जयपुर पुलिस और व्यापार मंडलों ने एक विशेष पहल की है। 18 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 से रात 11 बजे तक 100 फ्री ई रिक्शा परकोटे के मुख्य मार्गों पर संचालित किए जाएंगे। इन रिक्शों में यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा।
जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने बताया कि पुलिस आयुक्तालय में बुधवार को शहर के विभिन्न ट्रेड एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली के दौरान परकोटे में बढ़ने वाली भीड़, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विस्तृत चर्चा की गई। व्यापार मंडलों ने बताया कि दीपावली पर बड़ी संख्या में खरीदार परकोटे के बाजारों में पहुंचते हैं, जिससे सड़कों पर भीड़ और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है
इस समस्या के समाधान के लिए जयपुर व्यापार महासंघ और स्थानीय व्यापार मंडलों ने संयुक्त रूप से पहल की है। उन्होंने आमजन की सुविधा हेतु परकोटे में 100 फ्री ई रिक्शा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। ये ई-रिक्शा सीमित मार्गों पर चलेंगे और इस अवधि में अन्य निजी ई-रिक्शाओं का प्रवेश इन क्षेत्रों में प्रतिबंधित रहेगा।
इसके लिए पहला रूट अजमेरी गेट – छोटी चौपड़ – त्रिपोलिया – चौड़ा रास्ता – न्यू गेट – नेहरू बाजार रहेगा जबकि दूसरे रूट सांगानेरी गेट – जौहरी बाजार – बड़ी चौपड़ – त्रिपोलिया – चौड़ा रास्ता – न्यू गेट – बापू बाजार पर ये ई रिक्शा संचालित किए जाएंगे।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि यह व्यवस्था न केवल यातायात के दबाव को कम करेगी बल्कि ईको फ्रेंडली ट्रांसपोर्ट को भी प्रोत्साहन देगी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (प्रशासन एवं यातायात) योगेश दाधीच, पुलिस उपायुक्त यातायात सुमित मेहरा सहित व्यापार मंडलों के प्रतिनिधि भी बैठक में मौजूद रहे।
जयपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे परकोटे क्षेत्र में निजी वाहनों की बजाय ई-रिक्शा सेवा का उपयोग करें और दीपावली पर्व को सुरक्षित व सुविधाजनक तरीके से मनाएं।


