बांग्लादेश सरकार ने देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रसारण पर रोक लगा दी है। वहां के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में औपचारिक निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय के अनुसार, इस निर्णय का कारण BCCI द्वारा 26 मार्च से शुरू होने वाली IPL में बांग्लादेश के स्टार क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम से बाहर करना है।
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि मुस्तफिजुर को टीम से बाहर करने का कोई ठोस या तार्किक कारण नहीं है। इसे बांग्लादेश की जनता के लिए अपमानजनक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय निर्णय बताया गया है। इसी कारण अगले आदेश तक IPL के सभी मैचों का प्रचार, प्रसारण और पुनः प्रसारण रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 3 जनवरी को KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को अपनी टीम से बाहर कर दिया था। इस फैसले के पीछे बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा को लेकर मांगें उठ रही थीं। पिछले 16 दिनों में बांग्लादेश में चार हिंदुओं की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं।
इस घटना के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने 4 जनवरी को टी-20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया। BCB ने ICC से अनुरोध किया है कि उनका मैच श्रीलंका में कराया जाए। BCB के अनुसार, यह निर्णय बांग्लादेश की जनता और खिलाड़ियों के सम्मान की रक्षा के लिए लिया गया है।


