भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा साबित करते हुए रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम कर लिया। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के हीरो रहे महज 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर विशाल 411 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 80 गेंदों में 175 रनों की धमाकेदार पारी खेली। उनकी पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे, जिससे उन्होंने 218.75 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से रन बटोरे। खास बात यह रही कि उनके 150 रन सिर्फ बाउंड्री से आए। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी 53 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इंग्लैंड की ओर से सेबेस्टियन मॉर्गन और एलेक्स ग्रीन ने दो-दो विकेट लिए।
412 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम दबाव में नजर आई और 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से आरएस अंबरीश ने 3 विकेट झटके, जबकि दीपेश देवेन्द्रन और कनिष्क चौहान को दो-दो सफलताएं मिलीं। इंग्लैंड के कालेब फॉल्कनर ने 115 और बेन डॉकिन्स ने 66 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।


