महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक ऐतिहासिक क्षण दर्ज हुआ, जब दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने मुंबई स्थित लोक भवन में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसी के साथ सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, एनसीपी और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता व मंत्री मौजूद रहे।
शपथ लेते समय सुनेत्रा पवार सफेद साड़ी में नजर आईं और उनके चेहरे पर पति अजीत पवार के निधन का गहरा दुख साफ झलक रहा था। हाल ही में बारामती में हुए विमान हादसे में अजीत पवार का आकस्मिक निधन हो गया था, जिसके बाद पूरा पवार परिवार शोक में डूबा हुआ है। शपथ से पहले सुनेत्रा ने अपने आधिकारिक आवास देवगिरी बंगले में दिवंगत पति की तस्वीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया, जिसके बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
हालांकि शपथ ग्रहण समारोह में पवार परिवार के वरिष्ठ सदस्य शरद पवार और सुप्रिया सुले की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय रही। बताया जा रहा है कि एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर आंतरिक बातचीत जारी है।
सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद संभालने से पहले अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। अब वे बारामती सीट से उपचुनाव लड़ेंगी। सूत्रों के अनुसार, उनकी जगह उनके बेटे पार्थ पवार को राज्यसभा भेजा जा सकता है। ऐसे में शोक के माहौल के बीच सुनेत्रा पवार ने एक नई राजनीतिक जिम्मेदारी का आगाज़ किया है।


