राज्य में हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित मिशन “हरियालो राजस्थान” के तहत आगामी मानसून-2026 में 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को शासन सचिवालय में विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। मिशन के अंतर्गत वर्ष 2024 से 2028 तक राज्य में कुल 50 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी हितधारक विभाग राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करें तथा नवगठित जिलों के अनुसार जिलावार लक्ष्य निर्धारित कर जिला कलेक्टरों के साथ समन्वय स्थापत करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि व्यापक पौधारोपण के माध्यम से राज्य में हरित आवरण बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में मिशन “हरियालो राजस्थान” महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पौधारोपण कार्यक्रम को जनभागीदारी से जोड़ते हुए विभिन्न विभागों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों तथा स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि इस अभियान को व्यापक जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए तीन-स्तरीय टास्क फोर्स व्यवस्था बनाई गई है। इसके तहत राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय टास्क फोर्स, जिला स्तर पर जिला कलेक्टर तथा उपखण्ड स्तर पर उपखण्ड अधिकारी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम के लिए विस्तृत समय-सीमा निर्धारित की गई है। इसके अनुसार 31 मार्च 2026 तक पौधारोपण स्थलों का चयन किया जाएगा। अप्रैल से जून 2026 के दौरान गड्ढे खोदने, फेंसिंग सहित अन्य तैयारियाँ की जाएंगी। 15 जून से 15 जुलाई के बीच नर्सरियों से पौधों की खरीद की जाएगी तथा 1 जुलाई से सितम्बर 2026 तक राज्यभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया जाएगा। आनंद कुमार ने जानकारी दी कि वन विभाग की नर्सरियों में वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 626.10 लाख पौधों की तैयारी की जा रही है, जबकि वन भूमि पर पौधारोपण के लिए अतिरिक्त 200 लाख पौधे तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग पौधारोपण गतिविधियों की जानकारी नियमित रूप से “हरियालो” ऐप पर अपलोड करें, ताकि कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
आनंद कुमार ने अवगत कराया कि वर्ष 2024 में “मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान” के अंतर्गत 7 करोड़ पौधारोपण लक्ष्य के विरुद्ध 7.22 करोड़ पौधे लगाए गए। इसी प्रकार मानसून-2025 में 10 करोड़ लक्ष्य के मुकाबले 11.74 करोड़ से अधिक पौधारोपण कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि प्राप्त की गई।वहीं वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों को कुल 10 करोड़ पौधारोपण लक्ष्य आवंटित किया गया है।


