मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक ली। उन्होंने पूर्वी राजस्थान क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से समृद्ध बनाने के संबंध में निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सवाईमाधोपुर में रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान के साथ ही पालीघाट एवं भरतपुर में केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान, लोहागढ़ किले के साथ ही नवीन पर्यटन स्थलों की संभावनाएं तलाशते हुए कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही, उन्होंने ब्रज चौरासी कोस, कैलादेवी झील का बाड़ा, गिरिराज जी परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए उच्च स्तरीय सुविधाएं विकसित किए जाने को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रगतिरत सड़क कार्यों, फ्लाईओवर, ड्रेनेज एवं सीवरेज कार्यों में गति लाने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। वहीं, अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण वीसी के माध्यम से जुड़े।


