राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार कई शहरों में तापमान सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में 9 और 10 मार्च के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। खासकर बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा जैसे इलाकों में तेज गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा और गर्मी और बढ़ने की संभावना है।
राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है। गंगानगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 9.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर में 7.5, चूरू में 7.3, जयपुर में 6.7, बीकानेर में 6.9, जोधपुर और कोटा में 4.9, अजमेर में 5.6 और बाड़मेर में 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अरब सागर में बने एंटी साइक्लोन सिस्टम के कारण राजस्थान सहित गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में समय से पहले गर्मी की शुरुआत हो गई है। यह सिस्टम लंबे समय से सक्रिय है, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है और तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
हालांकि दिन में तेज गर्मी के बावजूद रात के समय लोगों को कुछ राहत मिल रही है। शाम के बाद तापमान में गिरावट होने से ठंडक महसूस की जा रही है। शुक्रवार को कोटा, जयपुर और फलोदी को छोड़कर राज्य के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सिरोही, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अलवर, करौली और दौसा जैसे जिलों में भी रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जिससे रात में हल्की ठंडक बनी हुई है।


