राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार, 24 दिसंबर 2025 को जिले के “पंच गौरव” कार्यक्रम के तहत चयनित प्रमुख पर्यटन स्थल आमेर महल परिसर में स्वच्छता एवं साफ-सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण–अनुकूल पर्यटन स्थलों के विकास का संदेश दिया गया।
जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के नेतृत्व में जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा आमेर महल क्षेत्र में स्थित मावठे की पाल पर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर प्लास्टिक कचरा, गंदगी एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाई तथा आमजन को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर विनीता सिंह, आशीष कुमार, युगांतर शर्मा, उपखंड अधिकारी राजेश जाखड़, अरुण कुमार, बजरंग लाल स्वामी, उपनिदेशक पर्यटन विभाग उपेन्द्र सिंह शेखावत सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर ने कहा कि आमेर महल जैसे विश्व विख्यात पर्यटन स्थलों की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण न केवल पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से आवश्यक है, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देने और राज्य की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आमजन एवं पर्यटकों से अपील की कि वे ऐतिहासिक धरोहरों की स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
उक्त स्वच्छता अभियान पंच गौरव कार्यक्रम की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जिले के चयनित स्थलों को आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता, सुशासन और जनभागीदारी के माध्यम से ही विकसित राजस्थान के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं स्वच्छता अभियानों का आयोजन कर आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जिले के पर्यटन स्थल स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक बन सकें।


