चित्तौड़गढ़ (मेवाड़) के कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी सेठ मंदिर को दान में मिली राशि ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। गुरुवार को हुए छठे और आखिरी राउंड में गिनती पूरी हुई। इसी के साथ सभी राउंड के नकद चढ़ावे, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के रुपए जोड़कर कुल 51 करोड़ 27 लाख 30 हजार 112 रुपए चढ़ावा आया। मंदिर के इतिहास में यह पहली बार है, जब भंडार ने 51 करोड़ का आंकड़ा पार किया है।
इस बार न सिर्फ नकद बल्कि ऑनलाइन माध्यमों से भी भक्तों ने बड़ी श्रद्धा दिखाई। ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से कुल 10 करोड़ 52 लाख 89 हजार 569 रुपए मिले। यह पैसा पिछले सालों की तुलना में काफी ज्यादा है। नकद गिनती के साथ-साथ गुरुवार को सोना-चांदी का तौल भी किया गया।
इसमें कुल 207 किलो 793 ग्राम चांदी और कुल 1204 ग्राम 04 मिलीग्राम सोना प्राप्त हुआ। इसमें भंडार से 86.200 किलो चांदी, भेंट कक्ष से 121.593 किलो चांदी, भंडार से 985 ग्राम सोना, भेंट कक्ष से 219 ग्राम 400 मिलीग्राम सोना मिला ।

- पहले राउंड में मिले बारह करोड़ पैंतीस लाख रुपए: इस बार भंडार 19 नवंबर को खोला गया था। इसी दिन पहले राउंड की गिनती की गई। पहले ही राउंड में 12 करोड़ 35 लाख रुपए निकले थे। इसे देखकर साफ अंदाजा हो गया था कि इस साल दान राशि पिछले सालों के मुकाबले काफी ज्यादा रहने वाली है।
- दूसरे राउंड में मिले आठ करोड़ चौवन लाख रुपए: 20 नवंबर को अमावस्या होने के कारण गिनती रोक दी गई थी। उसके बाद 21 नवंबर को दूसरा राउंड शुरू हुआ। इस राउंड में 8 करोड़ 54 लाख रुपए प्राप्त हुए। यह राशि श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था को दिखाती है।
- तीसरे राउंड में सात करोड़ आठ लाख अस्सी हजार आए: 22 और 23 नवंबर को भीड़ बहुत ज्यादा होने की वजह से गिनती रोक दी गई थी। 24 नवंबर को जब तीसरा राउंड किया गया, तो इसमें 7 करोड़ 8 लाख 80 हजार रुपए निकले।
- चौथे राउंड में आठ करोड़ पंद्रह लाख की राशि निकली: चौथे राउंड की गिनती में 8 करोड़ 15 लाख 80 हजार रुपए मिले। यहीं से यह बिल्कुल पक्का हो गया कि मंदिर की दान राशि अब नया रिकॉर्ड बनाएगी। मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं का बढ़ता विश्वास ही इस उपलब्धि की सबसे बड़ी वजह है।
- पांचवें राउंड के बाद आंकड़ा चालीस करोड़ पार पहुंचा: 26 नवंबर को हुए पांचवें राउंड में निकले 4 करोड़ 19 लाख 79 हजार रुपए जोड़ने के बाद कुल राशि 40 करोड़ 33 लाख 39 हजार तक पहुंच गई।
- छठा राउंड: अंतिम राउंड में 41 लाख 01 हजार 543 रुपए प्राप्त हुए।


