आर. ए. पोदार इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (रैपिम), राजस्थान विश्वविद्यालय ने अपने स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ‘बंधन–2025’ एलुमनाई मीट का भव्य आयोजन रैपिम परिसर में किया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए विभिन्न बैचों के 300 से अधिक पूर्व छात्र, विद्यार्थी और फैकल्टी सदस्य शामिल हुए, जिससे यह आयोजन अत्यंत सफल, गरिमामय और स्मरणीय बन गया।
कार्यक्रम की शुरुआत एलुमनाई के रेड कार्पेट स्वागत से हुई। इसके बाद फैकल्टी और विद्यार्थियों के साथ संवाद, परिसर भ्रमण और हाई-टी का आयोजन किया गया। औपचारिक सत्र का शुभारंभ स्वर्ण जयंती बैच के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सहभागिता गतिविधियों और संस्थान की पाँच दशकों की गौरवशाली यात्रा की झलकियों ने सभी को भावुक और उत्साहित कर दिया।
इस अवसर पर कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व भारतीय विदेश सेवा अधिकारी डॉ. गौरी शंकर गुप्ता, अम्रपाली ज्वेल्स के सह-संस्थापक श्री राजीव अरोड़ा, भारतीय विदेश सेवा अधिकारी एवं संयुक्त सचिव श्री महावीर सिंहवी और एचडीएफसी बैंक लिमिटेड की पूर्व कंट्री हेड श्रीमती स्मिता भगत प्रमुख रहे।
रैपिम के डीन प्रबंधन एवं निदेशक प्रो. अनुराग शर्मा ने एलुमनाई का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान के पूर्व छात्र विश्वभर में बैंकिंग, प्रशासन, कूटनीति, कॉर्पोरेट और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में उच्च पदों पर कार्यरत हैं, जो रैपिम की मजबूत शैक्षणिक परंपरा का प्रमाण है।
कार्यक्रम के दौरान नई वेबसाइट और एलुमनाई पोर्टल का लोकार्पण किया गया तथा विभिन्न प्रकाशनों का विमोचन हुआ। सम्मान समारोह में स्वर्ण और रजत जयंती बैच सहित विशिष्ट एलुमनाई को सम्मानित किया गया। लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड श्री राजदीप रस्तोगी और श्रीमती स्मिता भगत को प्रदान किया गया। एलुमनाई ऑफ द ईयर अवार्ड श्री अंकित शर्मा और श्री महावीर सिंहवी को मिला।


