आगामी 1-2 जुलाई को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित होने वाले 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (एनसीईजी) की तैयारियों की समीक्षा बैठक गुरुवार को मुख्य सचिव कार्यालय में आयोजित हुई। वीसी के माध्यम से आयोजित हुई इस बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास और केंद्रीय प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग(डीएआरपीजी) की सचिव श्रीमती निवेदिता शुक्ला वर्मा ने आयोजन को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने के संबंध में अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सम्मेलन की आउटरीच पर विशेष ध्यान दिया जाए। सम्मेलन में ई-गवर्नेंस के नवाचारों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए इसके संबंध में जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने इस कार्य के लिए स्टार्टअप और उद्योग साझेदारों का सहयोग लेने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य सरकार के स्तर पर की जा रही सभी तैयारियों को निर्धारित समयावधि तक सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
डीएआरपीजी सचिव ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभाग के स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने आमंत्रण पत्र, विभिन्न सत्र, एग्जीबिशन स्टॉल, रजिस्ट्रेशन, पुरस्कार, वीडियो फिल्म, वॉल ऑफ फेम और प्रकाशित किए जाने वाले साहित्य से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विशिष्ट सचिव एवं आयुक्त श्री हिमांशु गुप्ता ने बताया कि इस सम्मेलन में राजस्थान सरकार द्वारा दो सत्र आयोजित किए जाएंगे। ये सत्र युवा और नवाचार तथा तकनीक के माध्यम से अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक नागरिक सेवाओं की त्वरित पहुंच पर केंद्रित होंगे।
बैठक में डीएआरपीजी की अतिरिक्त सचिव श्रीमती सरिता चौहान एवं अन्य अधिकारी, प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि ‘विकसित भारत 2047: एआई एनेबल्ड, डेटा ड्रिवेन एंड सिक्योर डिजिटल गवर्नेन्स’ थीम पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (एनसीईजी) का आयोजन 1 व 2 जुलाई को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में किया जाएगा। इस सम्मेलन का आयोजन प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग , इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और राजस्थान सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। नैस्कॉम एवं एमएनआईटी, जयपुर कार्यक्रम के नॉलेज पार्टनर हैं। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा 1 जुलाई को सम्मेलन का उद्घाटन कर उपस्थितजन को संबोधित करेंगे। सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ भी उद्घाटन सत्र में अपना संबोधन देंगे। साथ ही 2 जुलाई को सम्मेलन के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान केन्द्रीय कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के मुख्य आतिथ्य में ई-गवर्नेंस के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 प्रदान किए जाएंगे। सम्मेलन में छह पूर्ण सत्र और छह ब्रेकआउट सत्र होंगे। इन सत्रों के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारी, विचारक, शिक्षाविद्, उद्योग विशेषज्ञ और पुरस्कार विजेता देश एवं दुनिया की ई-गवर्नेंस में नवीन एवं सर्वोत्तम प्रथाओं और उभरते रुझानों पर विचार-विमर्श करेंगे।


