मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के जगतपुरा स्थित नवोदय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज, गेटोर में अपनी पत्नी गीता देवी के साथ मतदान किया। मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में प्रत्येक वोट का महत्व है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार को विकास से कोई सरोकार नहीं था और कुर्सी के चक्कर में जनता को परेशान किया गया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आते ही ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की बात कही थी। सीएम के मुताबिक, कांग्रेस ने इसमें भी बाधा डालने की कोशिश की, लेकिन बीजेपी सरकार ने अपना संकल्प पूरा किया।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के विकास का मॉडल बीजेपी के पास है। प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर विकास कार्यों को और तेज गति मिलेगी।


