इन दिनों देशभर में स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) के काम में लगे बीएलओ के तनाव, दबाव और मौत की खबरें सामने आ रही हैं। ऐसे में जयपुर के चौमूं से एक वीडियो सामने आया है।
ये वीडियो है चौमूं के उपखंड अधिकारी (SDM) दिलीप सिंह राठौड़ और उनके साथ डांस करते बीएलओ व अन्य अधिकारियों का।दरअसल, चौमूं विधानसभा में SIR का काम पूरा होने पर सोमवार रात को एसडीएम ने सभी बीएलओ को पार्टी दी।
उनके साथ डीजे पर जमकर डांस भी किया। इस पार्टी को लेकर अब एसडीएम व अन्य अधिकारियों की तारीफ हो रही है।
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
चौमूं के एक मैरिज गार्डन में हुई पार्टी के बाद में एसडीएम के अलावा तहसीलदार विजय पाल व अन्य अधिकारी भी पहुंचे थे। डांस और डिनर से पहले अधिकारियों ने बीएलओ टारगेट पूरा होने की बधाई दी।
इसके बाद कई बीएलओ को सम्मानित भी किया गया है। सक्सेस पार्टी का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अधिकारियों की तारीफ कर रहे हैं।
लोगों ने अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि- बीएलओ भी इंसान हैं, सराहना मिलती है तो काम में जान आ जाती है।
चौमूं क्षेत्र में 2,57,463 मतदाता
एसडीएम राठौड़ ने बताया कि इस मिशन में 232 बीएलओ, 125 सहायक बीएलओ और 24 सुपरवाइजर शामिल थे। चौमूं क्षेत्र में कुल मतदाता 2,57,463 हैं और पुनरीक्षण कार्य समय से पहले पूरा करना बड़ी उपलब्धि है।


