सरकार ने देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो को रोस्टर (ड्यूटी चार्ट) नियमों से राहत दे दी है। एयरलाइन शुक्रवार को लगातार चौथे दिन क्रू मेंबर्स (पायलट सहित अन्य फ्लाइट स्टाफ) की कमी से जूझती दिखी। इसके कारण शुक्रवार को दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे, हैदराबाद सहित कई एयरपोर्ट पर 500 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं।

एयरपोर्ट पर हालात बदतर हैं। यात्रियों को फ्लाइट्स की जानकारी नहीं मिल रही है। पानी, खाना और जरूरी सामानों के लिए लोग स्टाफ से झगड़ते देखे गए। कई जगह मारपीट के हालात बन गए। कई एयरपोर्ट्स पर लोग 24-24 घंटे से फ्लाइट का इंतजार कर रहे हैं। सीढ़ियों और कुर्सियों पर बैठकर रात गुजारने को मजबूर हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की सभी घरेलू फ्लाइट्स आज रात 12 बजे तक रद्द कर दी हैं। गोवा एयरपोर्ट पर एक महिला यात्री ने बताया, ‘हम सुबह 5 बजे से इंतजार कर रहे हैं। एयरपोर्ट आने पर पता चला कि फ्लाइट कैंसिल हो गई है। न कोई मेल आया, न ही मैसेज।’

दिल्ली एयरपोर्ट सभी फ्लाइट्स रद्द
- दिल्ली IGI: दिल्ली में सबसे ज्यादा 225 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। इंडिगो ने दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली सभी घरेलू फ्लाइट्स आज रात 12 बजे तक रद्द कर दी हैं। टर्मिनल पर हजारों सूटकेस पड़े रहे। कई यात्रियों को 12 घंटे से ज्यादा अपना सामान लेने में लगे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि यात्री फर्श और सीढ़ियों पर बैठकर घंटों उड़ानों का इंतजार करते रहे।
- मुंबई: कई फ्लाइट्स रद्द होने के बाद इंडिगो काउंटर पर लंबी कतारें लगीं।
- रायपुर: बुजुर्गों और छोटे बच्चों को कुर्सियों पर घंटों इंतजार करना पड़ा। कुछ यात्री स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों से बहस करते दिखे।
- पुणे: यहां के एयरपोर्ट आज सुबह से 32 फ्लाइट्स रद्द हो गईं। रद्द फ्लाइट्स के बाद यात्रियों का सामान ट्रॉलियों में जमा रहा। यात्रियों को सामान वापस लेने में लंबा इंतजार करना पड़ा।
- हैदराबाद: यहां 32 उड़ानें रद्द हुई हैं। उड़ान कैंसिल होने और देरी के कारण देश भर में हजारों यात्री परेशान है।
- बेंगलुरु: बेंगलुरु102 फ्लाइट्स रद्द हुई हैं। यहां भी लोग एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार कर वापस लौटते देखे गए।
- इंडिगो ने डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) से फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) के नियमों से 10 फरवरी 2026 तक छूट देने की अपील की है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि तीन महीने के भीतर उसकी परिचालन स्थिति फिर से सामान्य हो जाएगी।


