पंचायती राज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने सोमवार को सिरोही जिले में निष्क्रमणीय पशुपालक (बालक) आवासीय विद्यालय भीमाना (पिंडवाड़ा) का शिलान्यास किया।
शिलान्यास कार्यक्रम में देवासी ने कहा कि इस आवासीय विद्यालय से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रगति को सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए वे पूर्ण प्रतिबद्ध हैं तथा आगे भी समय— समय पर सहयोग करते हुए विकास कार्यों के लिए विशेष प्रयास किए जायेंगे। राज्य सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं, जनसुनवाई और विभिन्न अभियानों के माध्यम से राहत पहुंचाई जा रही हैं।
विधायक समाराम गरासिया ने क्षेत्रवासियों को इस विद्यालय के निर्माण की बधाई देते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया तथा सभी को शुभकामनाएं दी।
जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने कहा कि राज्यमंत्री देवासी सभी वर्गों के लिए कार्य कर रहे हैं और सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र की प्रगति के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने दूरभाष से उद्बोधन दिया और सभी को इस आवासीय विद्यालय के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। पंचायत समिति प्रधान नितिन बंसल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, राज्यमंत्री ओटाराम देवासी व विधायक समाराम गरासिया सहित जनप्रतिनिधियों का इस छात्रावास के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
गौरतलब है कि परिवर्तित बजट वर्ष 2024-25 की बजट घोषणा अनुसार माइग्रेटरी पशुपालकों के लिए पिंडवाड़ा में निष्क्रमणीय पशुपालक बालक आवासीय विद्यालय की घोषणा की गई। इसके लिए 1895 लाख की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इस विद्यालय में निष्क्रमणीय पशुपालकों के बालकों का प्रवेश होगा। इसमें 280 बालक रहेंगे, जिन्हें राज्य सरकार सभी प्रकार की सुविधाएं आवास, भोजन, किताब, स्टेशनरी, चिकित्सा नि:शुल्क देगी।


