देश के प्रतिष्ठित Glorious Indian Fashion Week में जयपुर के प्रसिद्ध मॉडल, संस्कृतिकर्मी एवं जितेंद्र शर्मा ने अपने प्रभावशाली रैंप वॉक से सबका ध्यान आकर्षित किया। दिल्ली के Hotel Opulent में आयोजित इस भव्य फैशन शो में उन्होंने देश की जानी-मानी डिजाइनर अनुराधा दास की एथनिक ड्रेस पहनकर भारतीय संस्कृति की झलक पेश की।
रैंप पर गले में हनुमानजी की प्रतिमा धारण कर उनका पारंपरिक और आध्यात्मिक व्यक्तित्व दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना। उनका अंदाज़ केवल फैशन प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने मंच को सामाजिक जागरूकता का माध्यम बनाया। अपने सशक्त संदेश में उन्होंने युवाओं, महिलाओं और पुरुषों से जीवन की कठिन परिस्थितियों में धैर्य, सकारात्मकता और आत्मविश्वास बनाए रखने की अपील की।
जितेंद्र शर्मा ने कहा कि दुख और संघर्ष जीवन का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन हार मानना समाधान नहीं है। आत्महत्या जैसे कदम से दूर रहकर साहस और आशा के साथ आगे बढ़ना ही सच्ची जीत है। उनके इन विचारों ने उपस्थित सैकड़ों डिजाइनरों, मॉडलों और फैशन प्रेमियों को प्रेरित किया।
एक दशक बाद मॉडलिंग में वापसी कर उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में ‘मिस्टर भारत’ का खिताब हासिल किया। फैशन और समाज सेवा के इस अनूठे संगम ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया और साबित कर दिया कि रैंप भी बदलाव का मंच बन सकता है।


