टी-20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के खिलाफ तिरंगे के अपमान को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत बेंगलुरु के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर द्वारा दी गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जश्न के दौरान हार्दिक पंड्या ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का ध्यान नहीं रखा।
दरअसल, टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद अहमदाबाद में टीम इंडिया ने मैदान पर भव्य जश्न मनाया था। इस दौरान कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन्हीं वायरल वीडियो के आधार पर वकील वाजिद खान ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता के अनुसार, एक वीडियो में हार्दिक पंड्या अपने कंधों पर तिरंगा ओढ़े हुए मैदान में दौड़ते और नाचते नजर आ रहे हैं।
आरोप यह भी है कि जश्न के दौरान पंड्या अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मंच पर लेटे हुए दिखाई दिए, उस समय भी उनके कंधे पर तिरंगा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज को इस तरह से ओढ़कर जमीन पर लेटना उसके सम्मान के खिलाफ है और यह राष्ट्रीय ध्वज के अपमान की श्रेणी में आ सकता है।

वकील वाजिद खान बिडकर ने अपनी शिकायत में ‘द प्रिवेंशन ऑफ इंसल्ट्स टू नेशनल ऑनर एक्ट, 1971’ का हवाला दिया है। इस कानून के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज, संविधान और राष्ट्रगान जैसे राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान बनाए रखना अनिवार्य है। कानून के तहत तिरंगे को जमीन पर गिरने देना, उसे अनुचित तरीके से पहनना या किसी भी प्रकार से उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाना दंडनीय अपराध माना जाता है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि जब उन्होंने यह शिकायत शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में दी, तो शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए मामला वहीं दर्ज होना चाहिए। हालांकि वाजिद खान ने तर्क दिया कि तिरंगा पूरे देश का राष्ट्रीय प्रतीक है और उसके अपमान की शिकायत देश के किसी भी हिस्से में दर्ज कराई जा सकती है।
इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली और उसकी कॉपी भी उन्हें दे दी। फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच कर रही है।


