आंध्र प्रदेश के मरकापुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 13 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 22 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा रायवरम के पास उस समय हुआ, जब एक प्राइवेट ट्रैवल बस और डंपर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
अधिकारियों के अनुसार, हरिकृष्णा ट्रैवल्स की यह बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जा रही थी। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिल सका। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए।

फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान पुलिस और राहत दल ने बचाव कार्य चलाते हुए घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। मरकापुरम के एसपी वी हर्षवर्धन राजू ने बताया कि डंपर चालक सहित 22 घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दुर्घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार और लापरवाही इस दुर्घटना की वजह हो सकती है। प्रशासन ने मामले की पूरी जांच के आदेश दे दिए हैं।


