जयपुर के प्रसिद्ध हाथी गांव में एक अनोखा और यादगार जश्न देखने को मिला। मशहूर उद्योगपति और पशु प्रेमी अनंत अंबानी के जन्मदिन के अवसर पर यहां ‘एलिफेंट पार्टी’ का आयोजन किया गया, जिसमें हाथियों के साथ खास अंदाज में उत्सव मनाया गया।
इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण ढाई फीट ऊंचा विशेष केक रहा, जिसे तीन हाथियों—बाबू, हथिनी पुष्पा और चंदा—ने मिलकर काटा। जैसे ही हाथियों ने केक काटा, वहां मौजूद लोगों और देश-विदेश से आए पर्यटकों ने तालियों और उत्साह के साथ इस खास पल का स्वागत किया। यह अनोखा दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग हाथी गांव पहुंचे थे।
इस खास आयोजन में हाथियों के लिए लगभग 3000 किलो फलों और भोजन का भव्य बुफे भी सजाया गया। इसमें केले, सेब, मातिरा, गन्ना, पपीता, गुड़ और हरा चारा जैसी पौष्टिक चीजें शामिल थीं। हाथियों ने इस विशेष भोज का आनंद बड़े चाव से लिया, जिससे पूरे कार्यक्रम का माहौल और भी उत्सवमय हो गया।

कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चला, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेशी पर्यटक भी शामिल हुए। पर्यटकों ने इस अनोखे जश्न को अपने कैमरों में कैद किया और राजस्थान की अनूठी संस्कृति तथा पशु प्रेम की भावना को करीब से महसूस किया।
इस अवसर पर हाथियों की देखभाल करने वाले महावतों का भी सम्मान किया गया। उन्हें राशन किट, जूते, कैप और अन्य उपहार भेंट कर उनके योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम के संयोजक और हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष शफीक बल्लू खान ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ जन्मदिन मनाना नहीं, बल्कि पशु प्रेम, सेवा और संवेदनशीलता का संदेश देना भी है।
यह आयोजन न केवल जयपुर के पर्यटन को बढ़ावा देने वाला रहा, बल्कि यह भी दिखाता है कि इंसान और पशु के बीच प्रेम और सह-अस्तित्व की भावना कितनी खूबसूरत हो सकती है।


