भुवनेश्वर स्थित- कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी में आयोजित 61वीं मिस इंडिया प्रतियोगिता 2026 में साध्वी सैल ने मिस इंडिया वर्ल्ड 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ अब वह मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस प्रतियोगिता में साध्वी सैल ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच राजनंदिनी और अद्वैता को पीछे छोड़ते हुए ताज अपने नाम किया। राजनंदिनी को फर्स्ट रनरअप और अद्वैता को सेकंड रनरअप घोषित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपने टैलेंट, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व से जजों को प्रभावित किया।

अपनी जीत के बाद साध्वी सैल ने खुशी जाहिर करते हुए इसे एक सपने के सच होने जैसा बताया। उन्होंने कहा, “मुझे यह पल अविश्वसनीय लग रहा है। मैं इस अवसर के लिए बेहद आभारी हूं। हमने इस सफर में बहुत खूबसूरत समय बिताया और अब हमारा लक्ष्य वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन करना है।”
साध्वी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अपनी सह-प्रतियोगियों के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिभागी उनकी अच्छी दोस्त हैं और इस पूरे अनुभव को उन्होंने मिलकर यादगार बनाया। “मेरे लिए आज की सभी लड़कियां विजेता हैं,” उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा।

अब देश की निगाहें साध्वी सैल पर टिकी हैं, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की संस्कृति, आत्मविश्वास और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। उनकी यह जीत न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि देश के लिए गर्व का क्षण भी है।


