आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि AAP के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसद भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंद्र गुप्ता इस फैसले में उनके साथ हैं।
उन्होंने कहा कि वह पार्टी की गतिविधियों और अपराधों का हिस्सा नहीं बनना चाहते , उनके पास दो ही विकल्प थे—या तो राजनीति छोड़ दें या सकारात्मक राजनीति करें। राघव चड्ढा ने दावा किया कि राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य उनके साथ हैं और वे संविधान के प्रावधानों के तहत भाजपा में विलय करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी जॉइन कर ली। अशोक मित्तल लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन हैं, जिनके जालंधर स्थित घर पर 15 अप्रैल को ED ने छापेमारी की थी।
राघव चड्ढा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से उन्हें महसूस हो रहा था कि वह “गलत पार्टी में सही आदमी” हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के दो-तिहाई सांसदों के साथ होने के कारण दलबदल कानून लागू नहीं होगा। उन्होंने संविधान के प्रावधानों के तहत भाजपा में विलय का फैसला लेने की बात कही।


