राजस्थान में 3 मई को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा को लेकर रेलवे और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इस बार राज्य के 27 जिलों में कुल 611 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 2.09 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
रेलवे की ओर से दो अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। पहली ट्रेन (09717) चूरू से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर सीकर होते हुए सुबह 11 बजे जयपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बिसाऊ, रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामोद और ढेहर का बालाजी स्टेशनों पर होगा।
वहीं दूसरी ट्रेन (09719) जयपुर से शाम 7:10 बजे रवाना होकर रात 10:55 बजे अलवर पहुंचेगी। यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा स्टेशनों पर रुकेगी। दोनों ट्रेनों में 12-12 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 10 सामान्य श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा किया गया है। सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और अभ्यर्थियों की एंट्री सख्त जांच के बाद ही होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
बड़े शहरों में ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में कोई परेशानी न हो। प्रशासन ने परीक्षार्थियों को समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है।
राजधानी जयपुर में सबसे अधिक 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि सीकर और कोटा भी प्रमुख परीक्षा हब के रूप में उभरे हैं। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।


