केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगले सत्र से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। उन्होंने स्वीकार किया कि 3 मई को हुई NEET-UG 2026 परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। इसी वजह से परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया और अब री-एग्जाम 21 जून को आयोजित होगा।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि किसी गलत उम्मीदवार का चयन हो, इसलिए जिम्मेदारी के साथ परीक्षा रद्द की गई। उन्होंने बताया कि 7 मई को गड़बड़ी का पता चला था, जिसके बाद NTA ने सरकार को जानकारी दी और 12 मई को दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया।
री-एग्जाम में छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा और वे अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र भी चुन सकेंगे। शिक्षा मंत्री ने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार कड़े इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने राज्यों से छात्रों के आवागमन की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा करने की बात कही।


