राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भीलवाड़ा जिले की लांबा ग्राम पंचायत में मॉर्निंग वॉक के दौरान ग्रामीण जीवन की सादगी, आत्मीयता और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने गांव की संस्कृति, सामाजिक समरसता और परंपराओं से जुड़े जीवन मूल्यों को राजस्थान की विशिष्ट पहचान बताया।

मुख्यमंत्री ने गांव में माताओं, बहनों, युवाओं और बुजुर्गों से आत्मीय संवाद किया तथा उनके अनुभव, सुझाव और अपेक्षाओं को सुना। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है और ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के तालाब का निरीक्षण भी किया और उसके संरक्षण एवं विकास से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों के साथ योग और प्राणायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। साथ ही विश्व पर्यावरण संरक्षण की भावना को मजबूत करते हुए पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ग्रामीण जीवन की सरलता और लोगों के बीच आपसी भाईचारा राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने ग्रामीणों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और स्वच्छता जैसे विषयों पर भी चर्चा की तथा जनभागीदारी को विकास का आधार बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य की डबल इंजन सरकार ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर राजस्थान को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना है।


