रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली और टीम को विजयी छक्का लगाकर चैंपियन बनाया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन के स्कोर पर रोक दिया। जवाब में RCB ने 156 रन का लक्ष्य 18 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए मात्र 27 गेंदों में 62 रन जोड़े। वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या जल्दी आउट हो गए, लेकिन विराट कोहली एक छोर पर डटे रहे।

टिम डेविड ने 17 गेंदों में 24 रन बनाकर कोहली का अच्छा साथ निभाया। अंत में जितेश शर्मा के साथ मिलकर कोहली ने टीम को जीत दिलाई। कोहली ने 42 गेंदों में 75 रन की नाबाद पारी खेली और आखिरी छक्का लगाकर खिताबी जीत सुनिश्चित की।

वहीं, राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस सीजन की ऑरेंज कैप मिली। सूर्यवंशी ने 16 मैचों में 776 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज का गौरव हासिल किया। उनके बाद शुभमन गिल (732 रन) और साई सुदर्शन (722 रन) रहे। RCB की यह लगातार दूसरी IPL ट्रॉफी है और वह ऐसा करने वाली चेन्नई सुपर किंग्स तथा मुंबई इंडियंस के बाद तीसरी टीम बन गई है।





