उप मुख्यमंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बुधवार को भीलवाड़ा जिले के दौरे के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 की बजट घोषणाओं के अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान उप मुख्यमं बैरवा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा की गई बजट घोषणाओं को जनहित से जुड़ा बताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि बजट घोषणाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे, इसके लिए प्रत्येक विभाग जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।
उपमुख्यमंत्री ने समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि जिन कार्यों की प्रगति धीमी है, उनमें तेजी लाई जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परियोजना में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी कार्य में भूमि, स्वीकृति, तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की बाधा आ रही हो तो उसे तत्काल जिला प्रशासन अथवा राज्य स्तर पर अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में उपमुख्यमंत्री बैरवा ने सभी अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर जिले के समग्र विकास में सक्रिय योगदान दें।
बैठक में जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने विस्तृत प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपमुख्यमंत्री को जिले में बजट घोषणाओं के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है तथा समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) रणजीत सिंह, एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह, नगर विकास न्यास के सचिव ललित गोयल सहित समस्त विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


