एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने निर्देश दिया है कि दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम भोपाल AIIMS पहुंचकर पोस्टमॉर्टम करेगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और तब तक पुलिस को शव सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश सरकार ने इस मामले की CBI जांच के लिए सहमति दे दी है। 20 मई को ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा रिटायर्ड सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले थे, जहां मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया था।
इस बीच, ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट में दायर अपनी अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली है। जस्टिस ए.के. सिंह की वेकेशन बेंच के सामने समर्थ के वकील जयदीप कौरव ने बताया कि समर्थ जिला अदालत में सरेंडर करेंगे, हालांकि कब और कहां सरेंडर होगा इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।
वहीं, राज्य सरकार ने ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत रद्द करने की मांग करते हुए हाईकोर्ट में अपील दायर की है। सरकार की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने दलील दी कि सशर्त अग्रिम जमानत के कारण जांच एजेंसियों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा, जिससे साक्ष्यों पर असर पड़ सकता है।
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अगली सुनवाई 25 मई को दोपहर 2:30 बजे होगी। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और अब सभी की नजरें CBI जांच व दोबारा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।


