देश की नई राजनीतिक पहल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। महज छह दिन पहले बने इसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर गुरुवार दोपहर तक 1.34 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए, जो देश की कई बड़ी राजनीतिक पार्टियों से अधिक हैं। तुलना करें तो कांग्रेस के इंस्टाग्राम पर 1.33 करोड़, भाजपा और आम आदमी पार्टी के 87-87 लाख, जबकि CPI(M) के 2.35 लाख फॉलोअर्स हैं।
CJP का X अकाउंट भी तेजी से लोकप्रिय हुआ और उस पर 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुड़ गए थे। हालांकि गुरुवार करीब 12 बजे यह अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि आशंका के मुताबिक उनका अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया। X की ओर से बताया गया कि यह कार्रवाई स्थानीय नियमों, कोर्ट के आदेश या कानूनी शिकायत के आधार पर की गई है।
यह पार्टी 15 मई को CJI सूर्यकांत द्वारा सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ से किए जाने वाले बयान के विरोध में बनाई गई थी। अगले ही दिन इसकी औपचारिक शुरुआत की गई। सोशल मीडिया पर इसे युवाओं का बड़ा समर्थन मिल रहा है और इसे विरोध की नई डिजिटल आवाज माना जा रहा है।


