नए साल 2026 के स्वागत के लिए जयपुर का आमेर पैलेस पर्यटकों से गुलजार रहा। दुनिया के इकलौते हाथी गांव में हाथियों को अनोखे अंदाज में सजाकर सैलानियों का भव्य स्वागत किया गया। हाथियों के सजे-धजे कपड़े और आभूषण उनकी सुंदरता में चार चांद लगा रहे थे, जिसे देखकर देसी और विदेशी दोनों तरह के पर्यटक बेहद खुश हुए।
हाथियों के शरीर पर “हैप्पी न्यू ईयर” लिखकर पर्यटकों का अभिवादन किया जा रहा था। हाथी पालक अकरम खान ने बताया कि पर्यटक हाथियों पर लिखे शुभकामना संदेश के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे और इस अद्भुत अनुभव को कैमरे में कैद कर रहे थे।

अकरम खान ने आगे बताया कि हाथियों की सजावट उनके आकार और व्यवहार के आधार पर की जाती है। इस बार हाथियों को प्राकृति चोक पाउडर से सजाया गया, जिसमें रंग-बिरंगी फूल-पत्तियों के डिज़ाइन बनाए गए। शाही रूप देने के लिए मेटल के शाही हौदा, लाल रंग के झूल, रूमाल, कंठा और सिल्वर पॉलिस के गहने लगाए गए। इसके अतिरिक्त हाथियों के सिर पर “श्री” का आभूषण भी रखा गया, जिससे उन्हें शाही और भव्य रूप मिला।
आमेर महल के अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि नववर्ष के मौके पर पर्यटकों की सुरक्षा के लिए महल के आसपास तीन पारियों में 160 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी भी की जा रही है।
आमेर महल पर्यटकों के लिए हमेशा से एक विशेष आकर्षण का केंद्र रहा है। यहां बने शीश महल, मानसिंह महल, दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास और अन्य ऐतिहासिक स्थल पर्यटकों को खूब लुभाते हैं।


