जयपुर के आमेर स्थित हाथी गांव में बुधवार को विश्व हाथी दिवस के अवसर पर अनोखा और आकर्षक फैशन शो आयोजित किया गया। इस दौरान 21 हाथियों ने 50 मीटर लंबे रेड कारपेट पर शाही अंदाज में रैंप वॉक किया। हाथियों को पारंपरिक रंगों, फूलों और आकर्षक आभूषणों से सजाया गया था। उनके साथ महावत भी पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में नजर आए। आयोजन देखने के लिए बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचे।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण बाबू हाथी रहा, जिसे श्री कंठा, पायजेब समेत करीब 62 लाख रुपये के शाही चांदी के आभूषणों से सजाया गया था। ये आभूषण जयपुर राजपरिवार की ओर से बाबू के मालिक शाहिद खान के परिवार को उपहार में दिए गए थे। शाहिद खान का परिवार कई पीढ़ियों से हाथी सफारी और उनकी देखभाल से जुड़े कार्यों में सक्रिय है।
बाबू के साथ चंदा, पुष्पा और हेमा समेत कई हथिनियों ने भी शानदार रैंप वॉक कर दर्शकों का मन मोह लिया। हाथी और महावत की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में खास आकर्षण जोड़ा। स्वतंत्रता दिवस की झलक भी आयोजन में देखने को मिली, जब हाथियों को तिरंगे के साथ रैंप वॉक कराया गया। इस दौरान लोगों और विदेशी पर्यटकों ने तस्वीरें और वीडियो बनाकर इन यादगार पलों को कैमरे में कैद किया।
फैशन शो के अलावा हाथियों के लिए विशेष फ्रूट बुफे भी लगाया गया, जिसमें केले, तरबूज और अन्य ताजे फल परोसे गए। कार्यक्रम में केक कटिंग भी हुई और हाथियों ने अपनी सूंड से केक काटकर सबका ध्यान खींचा। पूरे आयोजन में हाथियों के प्रति जागरूकता, संरक्षण और उनकी पारंपरिक विरासत को लेकर खास संदेश दिया गया।


