जयपुर में आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित करने शुरू कर दिए हैं। भाजपा ने जयपुर नगर निगम के 145 वार्डों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है, जबकि 5 वार्डों में प्रत्याशियों के नाम अभी विचाराधीन रखे गए हैं। टिकट वितरण के बाद शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
भाजपा ने कई प्रमुख चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। सीएम के ओएसडी आनंद शर्मा की पत्नी प्रतिभा शर्मा को वार्ड नंबर 87 से प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, जयपुर की पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को वार्ड नंबर 110 से टिकट दिया गया है।
पार्टी ने निवर्तमान मेयर कुसुम यादव की जगह प्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष सुनील कोठारी को वार्ड नंबर 112 से प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के इस फैसले को जयपुर नगर निगम चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
23 साल की शालू मीणा को टिकट
भाजपा ने युवाओं को भी मौका देते हुए वार्ड नंबर 150 से 23 वर्षीय शालू मीणा को प्रत्याशी बनाया है। शालू ने कहा कि आम लोगों को साथ लेकर वार्ड का विकास करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता के पार्टी के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
वार्ड 76 में टिकट को लेकर असमंजस
भाजपा के वार्ड 76 में प्रत्याशी को लेकर स्थिति उलझ गई। पार्टी ने पहले पूर्व डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावट को टिकट दिया था, लेकिन मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ ने कुलदीप मिश्रा को पार्टी का अधिकृत सिंबल दे दिया। कुलदीप मिश्रा ने इसी सिंबल के आधार पर नामांकन भी दाखिल कर दिया।
वहीं, कांग्रेस ने भी आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के 17 वार्डों के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। दोनों प्रमुख दलों की सूचियां सामने आने के बाद जयपुर में निकाय चुनाव का सियासी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।


