जल संसाधन विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में कोटा के नयापुरा स्थित नवनिर्मित ‘जल संसाधन भवन’ का लोकार्पण 5 अप्रैल, 2026 (रविवार) को दोपहर 1 बजे किया जाएगा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला उपस्थित रहेंगे, जबकि जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, विधायक कोटा दक्षिण संदीप शर्मा तथा विधायक लाडपुरा कल्पना देवी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
लगभग 11.90 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक भवन विभागीय कार्यों की दक्षता बढ़ाने तथा अभियंताओं एवं कर्मचारियों के लिए सुव्यवस्थित एवं सुसज्जित कार्य वातावरण उपलब्ध कराने हेतु तैयार किया गया है। यह भवन जल संसाधन विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
भवन में भूतल सहित चार तल निर्मित किए गए हैं, जिनमें कार्यालय कक्ष, मीटिंग हॉल, पेंट्री, स्टोर, विद्युत कक्ष सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, लिफ्ट तथा सुगम आवागमन हेतु सीढ़ियों का निर्माण भी किया गया है।


