जापान के आओमोरी प्रान्त के पास सोमवार रात 11:15 बजे रिक्टर स्केल पर 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। पहले इसकी तीव्रता 7.6 बताई गई थी। भूकंप का केंद्र जापान के तट से लगभग 70 किलोमीटर दूर समुद्र में तथा जमीन से करीब 50 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। तेज झटकों से पूरे उत्तर-पूर्वी जापान में भारी दहशत फैल गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जापान टाइम्स के मुताबिक इस भूकंप में अब तक 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। भूकंप के कारण आओमोरी प्रान्त में कई घरों को नुकसान पहुंचा है, सड़कें धंस गईं, जिससे कई गाड़ियां फंस गईं। इसके अलावा करीब 2,700 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।

भूकंप के बाद जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने एहतियात के तौर पर आओमोरी, इवाते और होक्काइडो प्रान्तों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की थी। हालांकि कुछ ही घंटों बाद स्थिति सामान्य होते देख यह चेतावनी वापस ले ली गई। राहत की बात यह रही कि किसी बड़े सूनामी की पुष्टि नहीं हुई।
एजेंसी ने होक्काइडो से लेकर चिबा तक उत्तर-पूर्वी तट पर अगले कुछ दिनों में 8 तीव्रता तक के और झटके आने की आशंका जताई है। साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि वे आने वाले एक सप्ताह तक सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।


