दुनिया के सबसे अमीर शख्स इलॉन मस्क ने एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उनकी कुल संपत्ति 600 बिलियन डॉलर (करीब ₹54.60 लाख करोड़) के आंकड़े को पार कर चुकी है। इसके साथ ही मस्क यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। खास बात यह है कि इससे पहले 1 अक्टूबर को उनकी नेटवर्थ 500 बिलियन डॉलर के स्तर पर पहुंची थी, यानी महज कुछ ही समय में उनकी संपत्ति में रिकॉर्डतोड़ बढ़ोतरी देखने को मिली है।
इलॉन मस्क की संपत्ति में इस जबरदस्त उछाल की सबसे बड़ी वजह उनकी कंपनी स्पेसएक्स बताई जा रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के भीतर हुए शेयर सेल के बाद स्पेसएक्स की वैल्यूएशन 800 बिलियन डॉलर (करीब ₹72.80 लाख करोड़) आंकी गई है। इसके साथ ही स्पेसएक्स दुनिया की सबसे मूल्यवान प्राइवेट कंपनी बन गई है। मस्क के पास स्पेसएक्स में करीब 42 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिससे उनकी व्यक्तिगत संपत्ति में एक ही दिन में लगभग 168 बिलियन डॉलर (करीब ₹15 लाख करोड़) का इजाफा हुआ। यह आंकड़ा भारत के दो सबसे अमीर उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी की कुल संपत्ति के लगभग बराबर है।
फिलहाल इलॉन मस्क की कुल नेटवर्थ करीब 638 बिलियन डॉलर (लगभग ₹58 लाख करोड़) आंकी जा रही है। फोर्ब्स के अनुसार, यदि भविष्य में स्पेसएक्स 800 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर अमेरिकी शेयर बाजार में सूचीबद्ध होती है और आईपीओ को अच्छी प्रतिक्रिया मिलती है, तो मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर भी बन सकते हैं।
स्पेसएक्स के अलावा टेस्ला और xAI ने भी मस्क की दौलत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। टेस्ला में मस्क की लगभग 12 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसकी मौजूदा कीमत करीब 197 बिलियन डॉलर बताई जा रही है। वहीं उनकी एआई कंपनी xAI भी 230 बिलियन डॉलर के वैल्यूएशन पर नई फंडिंग जुटाने की तैयारी में है। इन सभी कारकों ने मिलकर इलॉन मस्क को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है।


