भीषण गर्मी में आमजन विशेषकर राहगीरों के लिए पेयजल, छाया—पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ—साथ मूक पशु—पक्षियों की भी देखरेख हो। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के इस संकल्प को पूरा करने के लिए उनकी प्रेरणा से समूचा प्रशासनिक अमला जुट गया है।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शासन सचिवालय में पीपल के 11 वृक्षों पर दानें और पानी के लिए परिण्ड़े बांधे। उन्होंने सचिवालय कैंटीन के पास स्थित बर्ड साईट पर पक्षियों के लिए दाना डाला।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा के बाद राज्यभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य सचिव ने गत दिनों परिपत्र जारी कर सभी जिला कलेक्टर, स्थानीय निकाय एवं संबंधित विभागों को ग्रीष्मकाल के दौरान पशु-पक्षियों को तेज गर्मी एवं लू से बचाने तथा उनके लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। ।

मुख्य सचिव ने परिण्ड़े बांधने के बाद कहा कि गर्मी में प्राकृतिक जल स्रोतों के सूखने के कारण पशु-पक्षियों के लिए पेयजल उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण है, ऐसे में हम सभी को इन मूक प्राणियों के लिए गर्मी के मौसम में पेयजल, छाया और दाने की व्यवस्था के लिए संवेदनशीलता के साथ प्रयास करना चाहिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि वर्तमान में भीषण गर्मी का दौर चल रहा है। इस तपते मौसम में हम तो अपनी जरूरतें पूरी कर लेते हैं लेकिन बेजुबान पक्षियों और पशुओं के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण है। यह हमारा मानवीय कर्तव्य है कि इस अत्यधिक गर्मी में हम पशु-पक्षियों का भी पूरा ध्यान रखें।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से बेजुबान जीवों की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया है। मुख्य सचिव ने सरकारी अधिकारियों—कर्मचारियों के साथ ही आमजन से अपील की है कि वे अपने घर व कार्यालय, की छत, बाल्कनी और सार्वजनिक स्थानों पर परिंडे बांधें, इनमें शीतल पेयजल व दानें की व्यवस्था करें जिससे इस भीषण गर्मी में कोई भी पक्षी प्यासा न रहे। इस दौरान कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव आशीष शर्मा व बड़ी संख्या में कार्मिक भी उपस्थित रहे। इस सभी ने इस पुनीत यज्ञ में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।


