सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर नया राजनीतिक इतिहास रच दिया। उन्होंने बांग्ला में ईश्वर के नाम पर शपथ ली। शपथ लेने के बाद सुवेंदु अधिकारी सीधे मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री मोदी के पास पहुंचे और झुककर उनका आशीर्वाद लिया। यह दृश्य समारोह का खास आकर्षण बना।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने सुवेंदु अधिकारी के अलावा पांच अन्य विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई। इनमेंदिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टूडू और निषिथ प्रमाणिक शामिल रहे। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में गृह मंत्री अमित शाह सहित NDA और भाजपा शासित राज्यों के 20 मुख्यमंत्री मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की। इसके बाद उन्होंने भाजपा के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का सम्मान किया। प्रधानमंत्री मंच पर पहुंचते ही सीधे उनके पास गए, उन्हें शॉल ओढ़ाई और सम्मान स्वरूप उनके चरण स्पर्श किए। इस भावुक क्षण ने समारोह में मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया और तालियों की गूंज से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस ऐतिहासिक मौके को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बंगाल में नई राजनीतिक शुरुआत के रूप में देखा।


