जयपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘जनसेवा यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा’ यानी ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना और जनसेवा के प्रति समर्पण प्रमुख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इस लंबी सार्वजनिक यात्रा को लेकर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए देश में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इस अवसर को सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ते हुए लोगों से जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद मेला ग्राउंड से सिटी पार्क तक ‘मशाल मार्च’ निकाला गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इसमें शामिल हुए और मौजूद लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को सेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के रूप में रेखांकित किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।


