प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025 के मौके पर जयपुर के एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में राज्य ने एक बड़ा इतिहास रचा। इस दौरान राजस्थान सरकार ने 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों (MoU) की ग्राउंड ब्रेकिंग की। कार्यक्रम में देश-विदेश के प्रमुख प्रवासी उद्योगपति मौजूद रहे, जिनमें वेदांता ग्रुप के अनिल अग्रवाल, वेलस्पन की दीपाली गोयनका, अजय पीरामल, कुमार मंगलम बिड़ला सहित कई बड़े नाम शामिल थे।
मुख्य आकर्षण रहा वेदांता ग्रुप की घोषणा, जिसमें कंपनी राजस्थान में बड़ा इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करेगी। इस पार्क में जिंक, सिल्वर, सल्फ्यूरिक एसिड, फास्फोरिक एसिड, एल्युमिनियम और कॉपर आधारित उद्योग स्थापित किए जाएंगे। अनिल अग्रवाल ने कहा कि यहां 2 करोड़ से 100 करोड़ तक के उद्योग लग सकते हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों को संबोधित करते हुए कहा कि बीते दो वर्षों में राज्य में तेजी से बदलाव हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रवासियों के लिए अलग विभाग बनाया गया है और उद्योगों को पूरी सुविधाएं, 24 घंटे बिजली और सरल प्रक्रियाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। किसानों के लिए 22 जिलों में दिन में बिजली वितरण भी शुरू किया गया है।
युवा वर्ग के लिए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 92 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं और 1.56 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इस महीने 20 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इसके अलावा युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए नई नीति का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में 14 नए प्रवासी राजस्थान चैप्टर की स्थापना का ऐलान भी किया गया। सीएम ने मंच से कहा, “हमने राजस्थान बदल दिया, अब प्रवासी लौटकर आएं।”
कार्यक्रम राजस्थानी नृत्य और लोक संगीत से सजी सुरमयी सांस्कृतिक संध्या के साथ संपन्न हुआ।


